आईआईटी मद्रास से हिन्दी में ‘सभी के लिए एआई’ कोर्स उपलब्ध, स्वयं प्लस पर लॉन्च हुई निःशुल्क पहल

लखनऊ, जनवरी 2026 — भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास (आईआईटी मद्रास) के मार्गदर्शन में संचालित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म स्वयं प्लस ने अपनी अग्रणी पहल ‘सभी के लिए एआई’ को अब हिन्दी भाषा में उपलब्ध करा दिया है। इस कदम के साथ आईआईटी मद्रास ने एआई शिक्षा को अधिक समावेशी और सर्वसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

अब देशभर के लोग अपनी पसंदीदा भाषा हिन्दी में 6 निःशुल्क ऑनलाइन एआई कोर्स कर सकते हैं। इन कोर्सेस के लिए एआई या कोडिंग का कोई पूर्व ज्ञान आवश्यक नहीं है। बुनियादी डिजिटल साक्षरता और सीखने की इच्छा ही पर्याप्त है, जिससे यह प्रोग्राम पहली बार सीखने वालों, शिक्षकों, फैकल्टी सदस्यों और विभिन्न विषयों के छात्रों के लिए उपयुक्त बनता है।

आईआईटी मद्रास इकोसिस्टम से जुड़े विशेषज्ञों ने शिक्षा और उद्योग जगत के अपने व्यापक अनुभव के आधार पर इन कोर्सेस को डिजाइन किया है। कोर्सेस में रोजगार योग्यता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है और इनमें प्रैक्टिकल गतिविधियां, रियल डेटासेट और केस स्टडी के जरिए सीखने की सुविधा दी गई है।

26 जनवरी 2026 तक रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक:
https://swayam-plus.swayam2.ac.in/ai-for-all-courses

उम्मीदवार किसी भी तरह की जानकारी या कॉलबैक के लिए pmu-sp@swayam2.ac.in
पर संपर्क कर सकते हैं।

स्वयं प्लस, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन आईआईटी मद्रास की एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले, रोजगार उन्मुख ऑनलाइन लर्निंग प्रोग्राम को व्यापक स्तर पर सुलभ कराना है।

आईआईटी मद्रास के डीन (प्लानिंग) प्रो. आर. सारथी ने कहा,
“अब ‘सभी के लिए एआई’ के सभी छह कोर्स हिन्दी में उपलब्ध होने से विभिन्न पृष्ठभूमि के अधिक लोग इस कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे। कला, विज्ञान, वाणिज्य और अन्य विषयों के विद्यार्थी और प्रोफेशनल्स भी इसका लाभ उठा पाएंगे। इस पहल का उद्देश्य भाषा की बाधाओं को दूर कर एआई की समझ को मजबूत करना और देशभर में सहभागिता बढ़ाना है।”

प्रत्येक कोर्स की अवधि 25 से 45 घंटे है और ये पूरी तरह निःशुल्क हैं। सर्टिफिकेट प्राप्त करने के इच्छुक उम्मीदवार नाममात्र शुल्क देकर प्रॉक्टर्ड ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं, जिसे कहीं से भी दिया जा सकता है।

वर्तमान में स्वयं प्लस प्लेटफॉर्म पर 500 से अधिक कोर्सेस उपलब्ध हैं, जो इंजीनियरिंग, बीएफएसआई, हॉस्पिटैलिटी और आईटी/आईटीईएस सहित 15 से अधिक क्षेत्रों को कवर करते हैं। अब तक 4.75 लाख से अधिक लर्नर्स इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।

हिन्दी में उपलब्ध ‘सभी के लिए एआई’ कोर्स

एआई फॉर एजुकेटर्स – के-12 और इच्छुक शिक्षकों के लिए, बेहतर शिक्षण रणनीतियों पर केंद्रित।

एआई इन फिजिक्स – यूजी/पीजी छात्रों और फैकल्टी के लिए, फिजिक्स की वास्तविक चुनौतियों के समाधान पर आधारित।

एआई इन केमिस्ट्री – एआई-ड्रिवन मॉलिक्यूलर प्रेडिक्शन और केमिकल मॉडलिंग पर फोकस।

एआई इन अकाउंटिंग – कॉमर्स और मैनेजमेंट छात्रों के लिए, अकाउंटिंग में एआई ऑटोमेशन का प्रयोग।

क्रिकेट एनालिटिक्स विद एआई – वास्तविक क्रिकेट डेटा और केस स्टडी के जरिए स्पोर्ट्स एनालिटिक्स।

एआई/एमएल यूजिंग पायथन – पायथन, स्टैटिस्टिक्स और डेटा विज़ुअलाइज़ेशन पर आधारित फाउंडेशन कोर्स।

गौरतलब है कि ‘सभी के लिए एआई’ कैंपेन की शुरुआत वर्ष 2025 में आईआईटी मद्रास प्रवर्तक के सहयोग से हुई थी। शुरुआती संस्करण में 42,000 से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए, जबकि दूसरे संस्करण में 50,000 से अधिक उम्मीदवार जुड़े। इस जबरदस्त भागीदारी ने एआई शिक्षा के प्रति बढ़ते उत्साह को साफ तौर पर दर्शाया है।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.