रामपुर: तहसील बिलासपुर स्थित ग्राम बेगमाबाद में इफको द्वारा रबी फसल उत्पादकता वृद्धि हेतु विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने प्रतिभाग किया। राज्यमंत्री ने किसानों द्वारा उर्वरकों के असंतुलित एवं अत्यधिक प्रयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार का लक्ष्य रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाना है। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, शत-प्रतिशत खरीद एवं ग्राम स्तर पर मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित किए जाने की जानकारी दी। इफको के राज्य विपणन प्रबंधक यतेन्द्र कुमार तेवतिया ने बताया कि आवश्यकता से अधिक यूरिया का प्रयोग मृदा की उर्वरता एवं उत्पादन क्षमता को प्रभावित करता है। प्रति एकड़ दो बोरी यूरिया एवं नैनो यूरिया/नैनो डीएपी का उपयोग उत्पादन वृद्धि एवं रोग-कीट नियंत्रण में सहायक है। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ.नरेंद्र सिंह ने तरल जैव उर्वरक एनपीके कन्सोर्टिया के उपयोग से किसानों को लाभान्वित होने की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष मोहन लाल सैनी ने सहकारिता योजनाओं की जानकारी दी। उप कृषि निदेशक राम किशन सिंह एवं जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी प्रदान की। इफको प्रतिनिधि हरीश गंगवार ने फसलों हेतु कीटनाशक एवं रोगनाशक दवाओं के विषय में अवगत कराया। इस अवसर पर नैनो उर्वरकों के सफल उपयोग करने वाले 10 कृषकों को राज्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इफको उप महाप्रबंधक शैलेन्द्र सिंह, उप क्षेत्र प्रबंधक जे.ए. रावत, उप क्षेत्र प्रबंधक यशवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
मैं शाहबाज़ खान पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं और वर्तमान में खबरें जंक्शन चैनल में रामपुर ब्यूरो के रूप में कार्यरत हूं। पत्रकारिता के प्रति मेरी प्रतिबद्धता, निष्पक्षता और निर्भीक कार्यशैली ने मुझे इस क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है।
मेरी प्रारंभिक शिक्षा सुगरा चिल्ड्रन एकेडमी (इंग्लिश मीडियम) में नर्सरी से कक्षा 5 तक हुई। इसके बाद कक्षा 6 से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सुंदर लाल इंटर कॉलेज, रामपुर से प्राप्त की। वर्ष 2014 में हाईस्कूल तथा 2016 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया। इसके उपरांत मैंने भौतिक विज्ञान (Physics), रसायन विज्ञान (Chemistry) एवं जीव विज्ञान (Biology) विषयों के साथ स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
मैं वर्ष 2013 से पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हूं। अपने करियर के दौरान समाचार प्लस, समाचार टुडे, इंडिया वॉइस जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनलों तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख प्रिंट मीडिया संस्थान में भी कार्य कर चुका हूं। मुझे राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, अपराध, विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है।
मैं हर प्रकार की खबर को तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करता हूं। मेरी कोशिश हमेशा जनता की आवाज़ को प्रशासन और शासन तक पहुंचाने की रही है। इसी कार्यशैली के कारण मेरे संस्थान ने हमेशा मुझ पर विश्वास जताया है।
वर्ष 2013 से अब तक हुए सभी लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों की ग्राउंड कवरेज के दौरान उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए मुझे जिला प्रशासन द्वारा कई प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं। जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के कारण मुझे कई बार कानूनी चुनौतियों और मुकदमों का भी सामना करना पड़ा, लेकिन मैंने हमेशा निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन किया।
वर्तमान में वर्ष 2024 से ग्रामीण आंचलिक पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा हूं। पत्रकारिता के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी मेरी सक्रिय भागीदारी रही है। पिछले 13 वर्षों में विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं गैर-सरकारी संगठनों (NGOs) द्वारा मुझे उत्कृष्ट कार्यों के लिए अनेक सम्मान-पत्र, ट्रॉफी, मोमेंटो, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए हैं।
मेरा उद्देश्य सदैव निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ को बुलंद करना तथा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा को बनाए रखना है।
