एक भी बच्चा छूट गया, लक्ष्य हमारा टूट गया: शिक्षा ऐसी सीढ़ी है जिससे चलती पीढ़ी है
मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल में चलकर नाम लिखाओ
रामपुर। शासन के निर्देशानुसार जुलाई माह के प्रथम पखवाड़े में ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत चरण-2 की रैली गुरुवार, 3 जुलाई 2025 को सैदनगर ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल घाटमपुर से निकाली गई। सुबह प्रार्थना सभा के बाद निकली इस रैली को खंड शिक्षा अधिकारी मदनलाल वर्मा, ग्राम प्रधान जावेद अली एवं प्रधानाध्यापक नाजिम अली ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी मदनलाल वर्मा ने कहा, “शासन का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। इसी उद्देश्य से यह रैली निकाली जा रही है, जिससे लोगों को जागरूक किया जा सके और अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित हो।”
रैली में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सबसे आगे बच्चे ‘स्कूल चलो अभियान’ का बैनर थामे चल रहे थे, जबकि सबसे पीछे विद्यालय का नाम दर्शाता बैनर था। रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर तोपखाना रोड, ग्राम हजरतपुर एवं प्रानपुर रोड होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान बच्चों ने विभिन्न प्रेरणादायक नारे लगाए और हाथों में स्लोगन वाली तख्तियां लिए अभिभावकों को जागरूक करते नजर आए। उनके प्रमुख नारों में शामिल रहे:
हर बच्चे का नारा है, शिक्षा अधिकार हमारा है।
पढ़ी-लिखी लड़की, रोशनी घर की।
घर-घर विद्या दीप जलाओ, अपने बच्चे सभी पढ़ाओ।
पढ़ाई और किताबों से प्यार करो, जीवन अपना उद्धार करो।
बेटी बेटा एक समान, सबको दो शिक्षा का ज्ञान।
समग्र शिक्षा ने ठाना है, सबको स्कूल लाना है।
हिंदू मुस्लिम सिख इसाई, सब मिलकर के करो पढ़ाई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान जावेद अली, प्रधानाध्यापक नाजिम अली, मुजाहिद खान, चिरंजीव गुड्डू, अमरपाल सिंह, मलखान सिंह, रजिया बेगम, सीमा गौहर, नसरीन बी, संगीता यादव, शबिस्ता नैयर, शाजिया बी, शहनाज फातिमा समेत कई शिक्षकों और ग्रामवासियों की उपस्थिति रही।
