आपसी विवाद में पति ने पत्नी को मारी गोली, आरोपी पति मौके से फरार

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसायटी में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी पर गोली चला दी। मौके पर ही महिला की मौत हो गई। घटना के समय घर में दोनों की 11 साल की बेटी मौजूद थी, जिसने इस भयावह घटना को अपनी आंखों से देखा।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान रूबी अहलावत के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति विकास अहलावत फरार है।

पुलिस जांच में पता चला है कि दोनों पर वर्ष 2020 में हुए अक्षय हत्याकांड का मुकदमा चल रहा था। रूबी के भाई दीपेंद्र उर्फ दीप्पन की वर्ष 2018 में हत्या हुई थी, जिसमें अक्षय पर आरोप लगा था। बाद में रूबी और विकास ने मिलकर 2020 में अक्षय की हत्या की थी। करीब साढ़े छह महीने जेल में रहने के बाद दोनों जमानत पर बाहर आए थे।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पूरे मामले की जांच गंभीरता से जारी है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.