मानपुर नगरिया में भीषण सड़क हादसा: स्विफ्ट कार की टक्कर से दो बाइक सवार गंभीर घायल

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद्र ,कासगंज

सोरों (कासगंज)। थाना क्षेत्र के मानपुर नगरिया में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठा युवक उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक चला रहे युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया और उसके सिर व चेहरे पर भी गहरी चोटें आई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्प्लेंडर बाइक संख्या UP 25 CZ 2062 पर सवार दोनों युवक बरेली जनपद के विसातगंज निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों युवक सहावर क्षेत्र के फरौली गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। जैसे ही वे मानपुर नगरिया पहुंचे, तभी सामने से आ रही स्विफ्ट कार संख्या HR 51 BF 6667 ने कथित रूप से रॉन्ग साइड में आकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में चार युवक सवार थे और वे शराब के नशे में धुत बताए जा रहे हैं। कार के अंदर शराब की बोतल भी पड़ी मिली। हादसे में कार सवारों को कोई चोट नहीं आई, जबकि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और आक्रोशित भीड़ ने कार सवार युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही नगरिया चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ से युवकों को छुड़ाकर कोतवाली ले गए।

पुलिस ने घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.