हरियाणा में महिलाओं को 2100 रुपये सम्मान भत्ता लागू, विधायक व मंत्री बोली, पहली बार महिलाओं को मिला सम्मान
नायब सरकार के फैसले की चौतरफा सराहना, हरियाणा के कई हलकों में जश्न का माहौल
ऐलनाबाद , हरियाणा ( चंडीगढ़ ) 29 अगस्त ( एम पी भार्गव की विशेष रिपोर्ट )
हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए 2100 रुपये मासिक सम्मान भत्ता लागू किए जाने पर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री तथा महिला विधायकों ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया है।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा लिए गए फैसला का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार का यह फैसला समूची नारी जाति के लिए सम्मान व गर्व का विषय है। इससे पहले किसी भी सरकार ने इस बारे में नहीं सोचा। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेकर यह साबित कर दिया है कि भाजपा महिलाओं को सम्मान देती है। राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों द्वारा महिलाओं को केवल वोट बैंक समझा गया है। इस फैसले ने साबित कर दिया है कि भाजपा बिना किसी राजनीतिक उद्देश्य के समाज के हर वर्ग के बारे में सोचती है।
कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि सरकार का यह फैसला ग्रामीण अंचल की महिलाओं में आत्मविश्वास पैदा करेगा। एक समय वह थी जब इस प्रदेश में वृद्धों के लिए बुढापा पेंशन लागू की गई थी। आज मुख्यमंत्री नायब सैनी ने महिलाओं के लिए सम्मान भत्ता लागू करके नया इतिहास रच दिया है।
राई की विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि हरियाणा में जब-जब महिलाओं की बात होगी तब-तब मुख्यमंत्री नायब सैनी के ऐतिहासिक फैसले को याद किया जाएगा। सरकार द्वारा दिया जाने वाला यह सम्मान भत्ता वास्तव में महिलाओं के सम्मान में वृद्धि करेगा। पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि आज कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। आज हरियाणा में कोई चुनाव नहीं है। हरियाणा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी सरकार ने पहले ही साल में अपनी सबसे बड़ी चुनावी घोषणा को लागू किया हो।
