ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान की हार्ट अटैक से मौत, जिला अपर कमांडेंट ने दी अर्थी को कंधा

  • रिपोर्ट: हरिश चंद्र

कासगंज जनपद के सोरों कोतवाली क्षेत्र स्थित कछला बैरियर पुलिस चौकी पर ड्यूटी के दौरान एक होमगार्ड जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना से होमगार्ड विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार होमगार्ड HG 942 धीरेंद्र सिंह (50 वर्ष), निवासी दुर्गा कॉलोनी मानपुर नगरिया, कछला बैरियर पुलिस चौकी पर तैनात थे। बुधवार तड़के करीब 4 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। चौकी प्रभारी प्रबल प्रताप सिंह ने कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार के साथ उन्हें तुरंत पास के रतन दुलरो हॉस्पिटल में भर्ती कराया और उनके परिजनों को भी सूचना दी।

स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोरों में भर्ती कराया। वहां से भी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कासगंज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही होमगार्ड विभाग में शोक की लहर फैल गई। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अंतिम सलामी दी।

इस दौरान जिला सहायक कमांडेंट रनसिंह, बीओ कपूर सिंह, अवैतनिक प्लाटून कमांडेंट रामेश्वर सिंह तथा अवैतनिक प्लाटून कमांडर अनिल कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। जिला अपर कमांडेंट होमगार्ड ने भी जवान की अर्थी को कंधा देकर सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। अंतिम संस्कार के समय कई होमगार्डकर्मी भावुक हो गए और नम आंखों से अपने साथी को विदाई दी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.