हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जापान में हरियाणा पैवेलियन का किया उद्घाटन

हरियाणा, 7 अक्टूबर (डॉ. एम.पी. भार्गव)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने जापान दौरे के दौरान हरियाणा पैवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा राज्य निवेश, औद्योगिक विकास और शहरी नियोजन के क्षेत्र में जापान के साथ सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

पैवेलियन में हरियाणा में व्यावसायिक अवसरों से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें राज्य के औद्योगिक विकास, शहरी ढांचे, पर्यटन और ग्रीन एनर्जी जैसे विषयों पर जानकारी प्रस्तुत की गई। शहरी विकास और पर्यटन को वर्चुअल रियलिटी तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित कर आगंतुकों को हरियाणा की प्रगति का अनुभव कराया गया।

मुख्यमंत्री सैनी ने जापान के कई मेयरों और औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ बैठकें भी कीं। उन्होंने बताया कि जापान के आधुनिक शहरों के मॉडल को ध्यान में रखते हुए हरियाणा में भी शहरों के विस्तारीकरण और सुधारीकरण के लिए नई नीतियां बनाई जाएंगी।

इस दौरे के दौरान हरियाणा सरकार और जापान की कई प्रमुख कंपनियों के बीच समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें Mitsui Kinzoku Components India Pvt. Ltd. के साथ ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में अनुसंधान और विकास को लेकर समझौता शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दौरे का मुख्य उद्देश्य हरियाणा में विदेशी निवेश को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोज़गार के अवसर सृजित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जापान के साथ यह साझेदारी हरियाणा को औद्योगिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.