रामपुर। जनपद रामपुर में मंगलवार को कई महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गुरु नानक देव जी ज्योति ज्योत दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह और पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने संत भाई जी गुरुद्वारा पहुंचकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी संगत में शामिल होकर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में महिला कल्याण विभाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चल रहे सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” थीम पर वन स्टॉप सेंटर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वार्ड मेंबर चेतना आजाद, जिला अस्पताल चौकी पुलिस टीम, वन स्टॉप सेंटर और चाइल्डलाइन की टीमों ने मां के नाम पर पौधारोपण किया। इसके साथ ही जागरूकता पंपलेट भी बांटे गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्म दिवस पर सेवा पखवाड़ा के तहत जनपद के सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। बरेली गेट स्थित नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन रस्तोगी ने शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पीएम मोदी का लाइव संबोधन सुना और कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।
इसके अलावा आठवें पोषण माह के अंतर्गत परियोजना चमरौआ के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम हुए। इसमें बाल विकास परियोजना अधिकारी जीनत अली जैदी, एएनएम उषा, आशा रीता शर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
