भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण माहौल और भारतीय सेना द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, गुजरात पुलिस ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी, नकारात्मक और मनोबल गिराने वाली पोस्ट करने वाले 14 व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी और घृणित पोस्ट करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। राज्य पुलिस प्रमुख विकास सहाय ने पुलिस को सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी, गलत सूचना, अफवाह या सेना की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले पोस्ट पर नजर रखने, तुरंत अपराध दर्ज करने और ऐसे तत्वों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
गुजरात पुलिस की खुफिया शाखा और सोशल मीडिया निगरानी इकाई द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर विशेष निगरानी रखी गई। इस दौरान पाया गया कि 14 व्यक्तियों ने राष्ट्र विरोधी, सामाजिक विद्वेष फैलाने वाले तथा सेना का मनोबल तोड़ने वाले पोस्ट किये थे। इन व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिसमें खेड़ा और भुज में 2-2 एफआईआर दर्ज हैं, जबकि जामनगर, जूनागढ़, वापी, बनासकांठा, आनंद, अहमदाबाद, सूरत शहर, वडोदरा, पाटन, गोधरा में 1-1 एफआईआर दर्ज है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ गया था और गुजरात के कच्छ जैसे सीमावर्ती जिलों में ब्लैकआउट और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
