नई दिल्ली। देशवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस 2025 पर घोषणा की कि केंद्र सरकार जल्द ही जीएसटी (GST) सुधार लागू करने जा रही है। इस सुधार के तहत मौजूदा चार टैक्स स्लैब (5%, 12%, 18% और 28%) को घटाकर सिर्फ दो – मेरिट और स्टैंडर्ड स्लैब कर दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खासतौर पर 12% और 28% टैक्स स्लैब में आने वाले कई उत्पादों पर कर में कटौती की जाएगी।
किन वस्तुओं के दाम होंगे सस्ते?
नई जीएसटी व्यवस्था लागू होने पर कुकवेयर, स्नैक्स, साबुन और हेयर ऑयल जैसी रोजमर्रा की ज़रूरी चीजें सस्ती हो जाएंगी। वहीं मोबाइल, टीवी और रेफ्रिजरेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी टैक्स में राहत मिलेगी।
इसके अलावा सीमेंट, कार और एसी जैसे महंगे सामान भी सस्ते होंगे, जिससे घर बनाने और बड़ी खरीदारी करना आसान हो जाएगा। लंबे समय से मांग की जा रही बीमा प्रीमियम पर भी टैक्स कटौती की संभावना है, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त बचत होगी।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
स्वतंत्रता दिवस भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा –
“इस दिवाली मैं देशवासियों के लिए डबल दिवाली मनाऊंगा। आम घरेलू वस्तुओं पर जीएसटी में भारी कटौती होगी। जीएसटी दरें काफी हद तक घटाई जाएंगी। आम जनता पर टैक्स का बोझ कम होगा।”
स्टॉक मार्केट पर असर
जीएसटी सुधारों की घोषणा का सकारात्मक असर शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। सोमवार को बाजार हरी निशान पर बंद हुआ। ऑटो, बैंकिंग और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में जोरदार खरीदारी हुई।
सेंसेक्स 676.09 अंक चढ़कर 81,273.75 पर बंद हुआ, जो 0.84 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है।
(एजेंसियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर)
