बुजुर्गों की बकाया पेंशन तुरंत दे सरकार, नहीं तो होगा विरोध: महेंद्र सिंह मलिक

ऐलनाबाद, 13 फरवरी (एम पी भार्गव): इंडियन नेशनल लोकदल के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य, पूर्व डीजीपी Mahender Singh Malik ने हरियाणा सरकार से बुजुर्गों की बकाया पेंशन राशि तुरंत जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की पेंशन काटना सामाजिक अन्याय है और सरकार को बिना देरी के उनका पूरा बकाया भुगतान करना चाहिए।

शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित Indian National Lok Dal (इनेलो) मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए मलिक ने कहा कि पार्टी द्वारा 20 फरवरी को पंचकुला में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने इनेलो के विरोध और बुजुर्गों के भारी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना के चलते पेंशन बहाल करने और उसे बढ़ाकर 3200 रुपये करने का निर्णय लिया है। सरकार द्वारा 200 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने के बाद पार्टी ने धरना स्थगित करने का फैसला लिया है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सालाना आय सीमा के आधार पर किसी भी बुजुर्ग की पेंशन काटी, तो इनेलो इसका जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि आय सीमा के आधार पर पेंशन काटना बुजुर्गों के साथ अन्याय है। जननायक Devi Lal के सिद्धांतों पर चलते हुए इनेलो हमेशा जनहित के मुद्दे उठाती रहेगी।

मलिक ने बताया कि पार्टी द्वारा 23 मार्च को नरवाना में प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से युवा भाग लेंगे। पार्टी के नेता गांव-गांव जाकर लोगों को सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री Om Prakash Chautala के कार्यकाल में कभी भी बुजुर्गों की पेंशन नहीं काटी गई थी और इस संबंध में कोई शिकायत भी सामने नहीं आई थी।

मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini पर पंजाब की विधायक नरेंद्र कौर द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मलिक ने कहा कि भाजपा अक्सर दूसरे दलों के नेताओं को तोड़ने के लिए ऐसे अभियान चलाती रहती है। उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनाव नजदीक हैं, इसलिए ऐसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे पंजाब पर ध्यान देने के बजाय हरियाणा की समस्याओं के समाधान पर ध्यान दें।

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मलिक ने कहा कि वर्तमान में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। भ्रष्टाचार, महिला अपराध, हत्या और फिरौती के मामले बढ़ रहे हैं, जिससे जनता में भय का माहौल है। उन्होंने सरकार से कड़े कदम उठाकर प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधारने और जनता को सुरक्षित माहौल देने की मांग की।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.