गाजियाबाद शहर के गोलचक्कर व जंक्शन होंगे उच्च स्तरीय

अभियंत्रण अनुभाग की विस्तृत समीक्षा—गुणवत्ता, तकनीक व आकर्षण पर विशेष जोर

  • प्रधानमंत्री आवास योजना व अविक्रीत फ्लैटों के विक्रय पर भी तेजी के निर्देश

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री नंद किशोर कलाल द्वारा आज देर शाम अभियंत्रण अनुभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे सभी प्रगतिमान कार्यों, प्रस्तावित योजनाओं व क्षेत्रीय अवस्थापना निधि के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष महोदय ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि—
शहर की सौंदर्य एवं यातायात व्यवस्था को नए स्तर पर ले जाया जाए। गोलचक्कर, सेंट्रल वर्ज, गेट, लैंडस्केपिंग, उद्यानिकीकरण तथा स्ट्रीट लाइटिंग जैसी व्यवस्थाएं आधुनिक तकनीकों व विश्व स्तरीय मानकों के अनुरूप विकसित की जाएं, जिससे शहर का रूपांतरण दीर्घकालिक और प्रभावी रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि यदि शहर में विश्व स्तरीय लुक व इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा तो योजनाओं में जन-रुचि और निवेश दोनों स्वतः बढ़ेंगे।

Ghaziabad city's roundabouts and junctions will receive high-quality standards.

उपाध्यक्ष महोदय ने आगे निर्देशित किया कि—
* जिन योजनाओं में फ्लैट अविक्रीत हैं, उनमें विशेष कैंप का आयोजन तथा व्यापक विज्ञापन अभियान चलाकर शीघ्र विक्रय सुनिश्चित किया जाए।

* प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित मकानों की रजिस्ट्री कराना शीर्ष प्राथमिकता रहे। इसके लिए एक सप्ताह के भीतर सभी आवंटियों को दूरभाष द्वारा संपर्क कर सूचित किया जाए।

* प्राधिकरण क्षेत्र के गोलचक्करों व जंक्शनों के आधुनिकीकरण हेतु विस्तृत प्रस्ताव एक सप्ताह में प्रस्तुत किया जाए।

* अभियंत्रण अनुभाग के दो जिम्मेदार अधिकारियों को विकसित शहरों का अध्ययन दौरा कराया जाए, ताकि वहां की यातायात एवं गोलचक्कर प्रबंधन की सर्वश्रेष्ठ प्रथाओं को गाजियाबाद में धरातल पर लागू किया जा सके।

उपाध्यक्ष श्री नंद किशोर कलाल ने कहा कि गाजियाबाद के विकास की गति अब केवल निर्माण पर आधारित नहीं रहेगी, बल्कि गुणवत्ता, तकनीक, सौंदर्य और विश्वस्तरीय सुविधाओं का मिश्रण शहर के भविष्य को परिभाषित करेगा। उन्होंने यह भी आशा व्यक्त की कि निर्देशों के समयबद्ध पालन से गाजियाबाद आने वाले समय में स्मार्ट, आकर्षक और आधुनिक शहरों की श्रेणी में अग्रणी स्थान प्राप्त करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.