गाजियाबाद।गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अवैध निर्माण एवं अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत शुक्रवार को इंदिरापुरम क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई दिनांक 30 जनवरी 2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-06 के नेतृत्व में संपन्न हुई।
कार्रवाई के दौरान इंदिरापुरम क्षेत्र में स्थित प्राधिकरण के आवंटित भूखंड संख्या एस.के.-03/552ए, 698 तथा ए.के.-1/सी-01 एवं सी-02 पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियाँ डालकर कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने पुलिस बल के सहयोग से त्वरित एवं संयुक्त अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सभी अवैध अतिक्रमण हटाते हुए संबंधित भूखंडों को पूरी तरह कब्जामुक्त करा लिया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। अतिक्रमण हटाने के बाद सभी भूखंडों को सुरक्षित कर दिया गया है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस प्रकार के मामलों में सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
khabre junction
