रामगंगा नदी के घाट पर भव्य रूप से मनाया गया गंगा उत्सव 2025

मुरादाबाद, 4 नवंबर 2025। परिवर्तन “दी चेंज” संस्था ने जिला गंगा समिति के सौजन्य से रामगंगा नदी के तट, सी.एल. गुप्ता आई इंस्टीट्यूट के निकट, भव्य गंगा उत्सव 2025 का आयोजन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में गंगा संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
उत्सव की शुरुआत चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई विशाल रंगोली से हुई, जिसकी थीम “गंगा उत्सव” पर आधारित थी। इसके बाद नदी तट पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने गंगा की महत्ता, उसकी स्वच्छता और पर्यावरणीय संरक्षण पर विचार साझा किए।
बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन भव्य गंगा आरती और गंगा संकल्प के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने नदी को स्वच्छ रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की महानगर संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर अविनाश पांडेय, रेंजर गिरीश चंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ समाजसेवी सरदार गुरविंदर सिंह, अनामिका त्रिपाठी और नमामि गंगे से जिला परियोजना अधिकारी पूजा सिन्हा मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान रामगंगा स्वच्छता में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्था के अध्यक्ष कपिल कुमार ने कहा, “गंगा हमारी आस्था की धारा ही नहीं, जीवन का आधार है। इसका संरक्षण हमारा नैतिक कर्तव्य है।”
कार्यक्रम में संस्था के सभी पदाधिकारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से ही गंगा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखा जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.