अमृतसर में ट्रकों से तेल चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय, इनोवा गाड़ी से हो रही वारदातें

अमृतसर, जून 26 — अमृतसर के माहल गांव में ट्रकों से तेल चोरी करने वाला एक सक्रिय गिरोह सामने आया है। ट्रक ड्राइवरों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्राइवरों ने सी.सी.टी.वी. फुटेज भी सौंपे हैं, जिनमें एक सुरमई रंग की इनोवा गाड़ी तेल चोरी करते देखी जा सकती है।

ट्रक ड्राइवर जीवन सिंह और अन्य चालकों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से तेल चोरी की घटनाएं हो रही थीं, लेकिन हाल ही में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ गई हैं। एक ही रात में तीन ट्रकों से तेल चोरी कर लिया गया, जिससे ड्राइवरों को करीब ₹65,000 का नुकसान हुआ।

जीवन सिंह ने बताया कि रात में उन्होंने ट्रक की टंकी फुल करवाई थी, लेकिन सुबह गाड़ी स्टार्ट करने के थोड़ी देर बाद ही बंद हो गई। जांच करने पर पता चला कि टंकी में तेल ही नहीं था। अन्य दो ट्रक चालकों ने भी ऐसी ही शिकायत की।

ट्रक स्टैंड के सामने लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे की जांच की गई, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि सुबह करीब 3 बजे एक सुरमई रंग की इनोवा (संभावित नंबर PB 02 0006) ट्रक स्टैंड पर आती है। गाड़ी का चालक इनोवा को ट्रक की टंकी के पास लगाता है और करीब 10 मिनट में टंकी से तेल चुराकर फरार हो जाता है। हालांकि, सी.सी.टी.वी. में वाहन का पूरा नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है।

ट्रक ड्राइवरों की शिकायत पर 112 नंबर पर कॉल की गई, जिसके बाद थाना छेहरटा से ए.एस.आई. बलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूरी रिपोर्ट एस.एच.ओ. को सौंपी जाएगी और इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि तेल चोर गिरोह को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.