रामपुर। रामपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए फेक आईडी और फर्जी यूपीआई बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 113 एटीएम कार्ड, 101 सिम कार्ड, एक कंप्यूटर सीपीयू तथा थार कार और बुलेट मोटरसाइकिल जैसी मंहगी गाड़ियां बरामद की गई हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह अब तक करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे चुका है।
यह कार्रवाई एसपी विद्या सागर मिश्र के निर्देशन में SOG टीम और थाना सिविल लाइंस पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, गिरोह फेक आईडी और फर्जी पेमेंट गेटवे तैयार कर देशभर के लोगों से धोखाधड़ी करता था। आरोपी वॉट्सएप पर लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल हैक कर लेते थे और फिर बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
छापेमारी थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के शान होटल के पीछे स्थित एक मकान में की गई, जहां यह गिरोह अपने नेटवर्क को संचालित कर रहा था। मौके से तकनीकी उपकरणों और ठगी से जुड़े कई रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं।
एडिशनल एसपी अनुराग सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के कई राज्यों में फैला हुआ है और विभिन्न ऑनलाइन पेमेंट ऐप्स के माध्यम से ठगी करता था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।
रामपुर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों की बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि ठगी से जुड़ी पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
