पुलिस बनकर ट्रेन में लूटपाट करने वाले 4 शातिर बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

रामपुर: चलती ट्रेन में पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट करने वाले चार शातिर बदमाशों को जीआरपी पुलिस और बिलासपुर चौकी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मामले का खुलासा एसपी जीआरपी आशुतोष शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।

पुलिस के अनुसार बदमाशों के पास से लूटे गए करीब 1.38 लाख रुपये, तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा घायल हो गया।

 दिनदहाड़े ट्रेन में हुई थी वारदात

गौरतलब है कि बिलासपुर कोतवाली क्षेत्र में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बदमाशों ने व्यापारी के कर्मचारियों से गन प्वाइंट पर दिनदहाड़े करीब ढाई लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और ट्रेन से कूदकर फरार हो गए थे।

पीड़ित कर्मचारी रुद्रपुर निवासी एक व्यापारी के यहां काम करते हैं और घटना के दिन बड़ी रकम लेकर दिल्ली जा रहे थे। घटना के बाद जीआरपी और आरपीएफ में हड़कंप मच गया और तत्काल जांच शुरू की गई।

  पुलिस की कार्रवाई

घटना के खुलासे के लिए पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने मुठभेड़ के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल सभी बदमाशों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.