रामपुर भी आते रहे थे पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल, नवाब परिवार से थे अच्छे संबंध
रामपुर। पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन की खबर से राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है। 81 वर्षीय श्रीप्रकाश जायसवाल ने शुक्रवार की रात अंतिम सांस ली।
कानपुर से तीन बार सांसद रहे जायसवाल ने केंद्रीय कोयला मंत्री और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व निभाए। अपने कार्यकाल के दौरान वह कई बार रामपुर आए थे। यहां उनकी पूर्व सांसद बेगम नूरबानो और पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां से घनिष्ठ संबंध रहे।
रामपुर प्रवास के दौरान वे नूर महल में भी ठहरे और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उस दौरान बेगम नूरबानो के मीडिया प्रभारी रहे काशिफ खां ने बताया कि श्रीप्रकाश जायसवाल शाही परिवार का विशेष सम्मान करते थे और रामपुर की सियासत व संस्कृति को बेहद करीब से जानते थे।
उनके निधन पर नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीप्रकाश जायसवाल एक सहज, मिलनसार और संवेदनशील नेता थे, जिनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने भी उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
