“नए भारत के लिए आकाश भी सीमा नहीं है” : त्रिनिदाद एंड टोबैगो में पीएम मोदी का संबोधन

पोर्ट ऑफ स्पेन, 4 जुलाई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को त्रिनिदाद एंड टोबैगो में भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि “नए भारत के लिए आकाश भी सीमा नहीं है।” उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही विश्व की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), सेमीकंडक्टर और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे मिशन देश की प्रगति के नए इंजन बन रहे हैं।

यह संबोधन उनके पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में त्रिनिदाद एंड टोबैगो पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद हुआ। यह 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस कैरिबियाई देश की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत आज अवसरों की भूमि है और उसकी प्रगति का लाभ समाज के सबसे जरूरतमंद तबकों तक पहुंच रहा है। भारत ने यह सिद्ध कर दिया है कि गरीबी को पराजित किया जा सकता है अगर गरीबों को सशक्त किया जाए।”

उन्होंने भारतीय प्रवासी समुदाय की सराहना करते हुए कहा, “उन्होंने अपनी मिट्टी छोड़ी, आत्मा नहीं। गंगा-यमुना को पीछे छोड़ा, लेकिन रामायण को दिल में संजोए रखा। वे केवल प्रवासी नहीं, बल्कि शाश्वत सभ्यता के संदेशवाहक रहे।”

पीएम मोदी ने अपने साथ अयोध्या की सरयू नदी का जल और राम मंदिर की प्रतिकृति लाने की बात भी कही। उन्होंने त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला पर्साड-बिसेसर से अनुरोध किया कि वे इस पवित्र जल को ‘गंगा धारा’ में अर्पित करें।

उन्होंने यह भी बताया कि भारत गिरमिटिया समुदाय का व्यापक डेटाबेस तैयार करने पर कार्य कर रहा है, जो ब्रिटिश भारत से दक्षिण अफ्रीका, फिजी, मॉरिशस और कैरिबियाई द्वीपों में ले जाए गए अनुबंधित श्रमिकों का समुदाय है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और उसका विकास नवाचार और ऊर्जावान युवाओं द्वारा संचालित हो रहा है। “भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब है, और उनमें से लगभग आधे स्टार्टअप्स में महिलाएं निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। 120 से अधिक स्टार्टअप यूनिकॉर्न का दर्जा प्राप्त कर चुके हैं।”

मोदी ने भारत की डिजिटल भुगतान प्रणाली ‘यूपीआई’ का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह व्यवस्था अब त्रिनिदाद एंड टोबैगो में भी लागू हो गई है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “अब पैसे भेजना गुड मॉर्निंग मैसेज भेजने जितना आसान हो जाएगा और यह वेस्टइंडीज की तेज गेंदबाजी से भी तेज होगा।”

प्रधानमंत्री ने भारत के बुनियादी ढांचे, रक्षा और निर्माण क्षेत्र में हो रहे तीव्र विकास को भी उजागर किया और कहा कि भारत का परिवर्तन विश्व के लिए प्रेरणा बन रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.