मुंबई। फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग ने बॉलीवुड इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि यह हमला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े वांटेड गैंगस्टर शुभम लोनकर द्वारा अंजाम दिया गया। शुभम लोनकर अब तक फरार है और पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही है।
घटना का मास्टरमाइंड है शुभम लोनकर
मुंबई क्राइम ब्रांच ने बताया कि शुभम लोनकर ही इस घटना का मास्टरमाइंड है। वह बिश्नोई गैंग का टेक्निकल और सोशल मीडिया हैंडलर भी माना जाता है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि शुभम लोनकर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में भी शामिल था। फिलहाल, पुलिस ने रोहित शेट्टी का बयान दर्ज कर उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
घटना का विवरण
घटना जुहू इलाके की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर रात 12 बजे के करीब हुई। अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें जिम के शीशे में गोली लगी, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। अब तक पुलिस ने 12 टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रोहित शेट्टी ने बढ़ाई सावधानी
घटना के बाद रोहित शेट्टी ने अपने करीबी लोगों से घर न आने की अपील की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वह पुलिस के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहे हैं और अपना बयान दर्ज करा रहे हैं।
मुंबई पुलिस के अनुसार, शुभम लोनकर को पकड़ने के लिए इलाके की सभी CCTV फुटेज खंगाली जा रही हैं। बॉलीवुड सेलेब्स को अब सुरक्षा संबंधी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
khabre junction
