नई दिल्ली, 6 मार्च 2026। भारतीय ग्राहकों को जल्द ही फिनलैंड की मशहूर प्रीमियम चॉकलेट का स्वाद मिलने वाला है। Reliance Consumer Products Limited (RCPL) ने फिनलैंड की प्रमुख फूड कंपनी Fazer के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते के तहत भारत में प्रीमियम चॉकलेट और कन्फेक्शनरी उत्पादों का उत्पादन, मार्केटिंग और वितरण किया जाएगा।
यह समझौता फिनलैंड के राष्ट्रपति Alexander Stubb की भारत यात्रा के दौरान किया गया। साझेदारी के तहत फेज़र की रेसिपी और गुणवत्ता मानकों के अनुसार भारत में चॉकलेट का निर्माण किया जाएगा, जिससे भारतीय ग्राहकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
देशभर के 30 लाख रिटेल आउटलेट तक पहुंचेगी चॉकलेट
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के डायरेक्टर T. Krishnakumar ने कहा कि यह साझेदारी भारतीय बाजार में विश्वस्तरीय चॉकलेट उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि फेज़र के वैश्विक ब्रांड और निर्माण विशेषज्ञता को रिलायंस के मजबूत वितरण नेटवर्क और भारतीय बाजार की समझ के साथ जोड़ा जाएगा।
इस समझौते के तहत फेज़र के प्रीमियम चॉकलेट ब्रांड्स को रिलायंस के देशभर में फैले लगभग 30 लाख रिटेल आउटलेट्स के जरिए ग्राहकों तक पहुंचाया जाएगा।
कन्फेक्शनरी बाजार में तेजी से विस्तार
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में स्थापित Reliance Consumer Products Limited ने चॉकलेट और कन्फेक्शनरी बाजार में तेजी से विस्तार किया है। कंपनी ने भारत के पारंपरिक ब्रांड्स रावलगांव, टॉफीमैन और पान-पसंद को दोबारा बाजार में उतारा है। इसके अलावा कंपनी ने Lotus Chocolate Company को भी अपने पोर्टफोलियो में शामिल किया है।
वहीं, Fazer के उत्पाद पहले से ही दुनिया के 40 से अधिक देशों में उपलब्ध हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि रिलायंस के मजबूत वितरण नेटवर्क के साथ यह साझेदारी भारतीय चॉकलेट बाजार में नई प्रतिस्पर्धा और विकल्प लेकर आएगी।
