फरीदाबाद: बल्लभगढ़ सेक्टर-22 में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, 800 करोड़ के एलिवेटेड पुल का ऐलान

  • रिपोर्ट- विनोद मित्तल

हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सेक्टर-22 में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर पहुंचे, जहां उनके साथ विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों और शिक्षा को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।

800 करोड़ के एलिवेटेड पुल से 10 मिनट में सफर

कृष्णपाल गुर्जर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि दिल्ली और फरीदाबाद के बीच की दूरी अब और कम होने जा रही है। उन्होंने बताया कि आश्रम चौक से सराय तक करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड पुल बनाया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर महज 10 मिनट में पूरा हो सकेगा, जबकि फिलहाल इसमें 30 से 45 मिनट लगते हैं।

नए शिक्षा सत्र का शुभारंभ

कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं ने सेक्टर-22 स्थित शहीद पायलट फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजेश थापा कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन में सत्र 2026-27 का शुभारंभ किया। करीब 4 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से तैयार इस भवन का उद्घाटन हवन के साथ किया गया और इसे बेटियों की शिक्षा को समर्पित किया गया।

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पर जोर

कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को सफल बनाने में मूलचंद शर्मा का अहम योगदान रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में महिला कॉलेज और कई सरकारी स्कूलों के नए भवन बनाए गए हैं। साथ ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण बिल पर विशेष सत्र बुलाने की बात भी कही।

2014 के बाद तेज हुआ विकास

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हुए हैं, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदली है और फरीदाबाद का चौमुखी विकास हुआ है।

विधायक ने जताया आभार

वहीं विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद शिक्षा के क्षेत्र में बल्लभगढ़ में रिकॉर्ड स्तर पर काम भाजपा सरकार के दौरान हुआ है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ में विकास कार्य तेजी से और बिना किसी भेदभाव के किए जा रहे हैं तथा बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.