Faridabad Accident: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, आरोपी वाहन चालक फरार

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में डीग-प्रह्लादपुर रोड पर लकड़ी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में एक किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने मामा के साथ डीग गांव जा रहा था तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक किशोर प्रह्लादपुर गांव का रहने वाला था और नौवीं कक्षा का छात्र था। दुर्घटना में मामा को भी चोटें आई हैं।

 फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में डीग-प्रह्लादपुर रोड पर लकड़ियों भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। किशोर अपने मामा के साथ डीग गांव जा रहा था। मौके पर चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतक किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराया।
पुलिस के अनुसार मामा-भांजे ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। मृतक इकलौता बेटा था। प्रह्लादपुर गांव में रहने वाले सतबीर की बहन नीतू की शादी रेवाड़ी के रामपुरा गांव में हुई थी। करीब चार साल पहले इसके पति की बीमारी की वजह से मौत हो गई थी। इसलिए नीतू अपने इकलौते बेटे जतिन को लेकर मायके प्रहलादपुर में अपने भाई सतबीर के पास रहने लगी थी।
 जतिन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया
रविवार रात को सतबीर अपने भांजे जतिन को लेकर डीग गांव में दवाई लेने जा रहे थे। गांव से कुछ ही दूरी पर एक ट्रैक्टर-ट्राली खेतों में से लकड़ियां भरकर सड़क पर चढ़ गया। अचानक सामने आए ट्रैक्टर से सतबीर की बाइक टकरा गई। बाइक पर बैठा जतिन उछला और उसका सिर ट्रॉली में लगा। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में सतबीर को भी चोट लगी है। जतिन नौवीं कक्षा में पढ़ता था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.