Etah: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) फायर विंग, जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना (JTPP) मलावन द्वारा मंगलवार को किड्जी स्कूल, एटा में फायर सेफ्टी अवेयरनेस कैंपेन के तहत अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण एवं इवाकुएशन ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को आग जैसी आपात स्थिति में सुरक्षित एवं त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार करना रहा।
CISF मुख्यालय, नई दिल्ली से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं स्टाफ को आग लगने के प्रमुख कारणों, आग के विभिन्न वर्गों तथा आग पर प्रभावी नियंत्रण के सुरक्षित तरीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही भूकंप अथवा आग जैसी आपात परिस्थितियों में भवन से सुरक्षित बाहर निकलने, निर्धारित निकासी मार्ग का उपयोग करने और धुएं से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान फायर एक्स्टिंग्यूशर के सही एवं सुरक्षित संचालन का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को लाइव फायर पर फायर एक्स्टिंग्यूशर चलाकर आग बुझाने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय संयम, सतर्कता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता जान-माल की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का संचालन CISF उपनिरीक्षक अग्नि श्रीकांत शर्मा ने किया। प्रशिक्षण एवं इवाकुएशन ड्रिल को सफल बनाने में प्रधान आरक्षक/अग्नि शोभित कुमार शर्मा, प्रधान आरक्षक/अग्नि गुरप्रीत सिंह तथा आरक्षक डीसीपीओ सोनावणे अशोक हरी ने सहयोग किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रितिका कपूर सहित शिक्षक, स्टाफ एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने CISF फायर विंग के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं सुरक्षित प्रतिक्रिया देने का आत्मविश्वास भी विकसित होता है।
