रीट एवं बोर्ड परीक्षा के दौरान समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंः जिला कलक्टर

रीट परीक्षा के लिए बाड़मेर जिले में 48 परीक्षा केन्द्र होंगे

बाड़मेर, 11 फरवरी। रीट परीक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा को लेकर जिला कलक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में परीक्षा संचालन समिति की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने परीक्षाओं के दौरान समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि बाड़मेर जिले के 186 परीक्षा केन्द्रों के प्रश्न-पत्रों को जिला कोषागार अथवा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, स्टेशन रोड, बाड़मेर के सुरक्षित कक्ष में रखा जाएगा। सुरक्षा के लिए 24 घंटे सशस्त्र सुरक्षा गार्ड, दो शिक्षक एवं चौकीदार नियुक्त किए जाएंगे।

परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था

प्रश्न-पत्रों का वितरण राजपत्रित अधिकारी एवं सशस्त्र सुरक्षा गार्ड की निगरानी में होगा।
संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर 2-2 पुलिसकर्मी एवं अति संवेदनशील केन्द्रों पर 4-4 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा हेतु 6 मार्च से 7 अप्रैल तक 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
रीट परीक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं

48 परीक्षा केंद्रों पर 13488 परीक्षार्थी रीट परीक्षा देंगे।
परीक्षा 27 फरवरी को दो पारियों एवं 28 फरवरी को एक पारी में होगी।
एरिया अधिकारी, जोनल अधिकारी, फ्लाइंग स्क्वॉड की तैनाती होगी।
परीक्षा सामग्री की सुरक्षा एवं वितरण के लिए वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
विशेष योग्यजन परीक्षार्थियों के लिए श्रुतलेखक पैनल तैयार किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत, कोषाधिकारी जसराज चौहान, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुरलीधर यादव, जिला परिवहन अधिकारी अक्षय विश्नोई, रोडवेज प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश पुनिया समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कलक्टर ने परीक्षा संचालन को चुनाव जैसी सख्ती से संपन्न कराने के निर्देश दिए, जिससे परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे एवं किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.