ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव द्वारा कजरा स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र का किया गया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सौर ऊर्जा संयंत्र के विभिन्न सेक्शनों का लिया जायजानिरीक्षण के दौरान मंत्री ने सौर ऊर्जा संयंत्र के विभिन्न सेक्शनों का लिया जायजा
लखीसराय(सरफराज आलम) बिहार के ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव द्वारा कजरा स्थित सौर ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने सौर ऊर्जा संयंत्र के विभिन्न सेक्शनों का जायजा लिया तथा परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।उन्होंने संयंत्र के निर्माण एवं संचालन में लगे अधिकारियों एवं कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य में स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना के द्वितीय चरण को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्युत उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि राज्य के पहाड़ी एवं ऊँचाई वाले क्षेत्रों में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाओं का व्यापक रूप से अध्ययन कर उसे विकसित किया जाए, जिससे ऊर्जा उत्पादन के नए स्रोतों का सृजन हो सके।
निरीक्षण के दौरान उर्जा मंत्री ने संयंत्र के प्राकृतिक परिवेश की भी सराहना की तथा इसकी भौगोलिक स्थिति को विशेष बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्थानों पर स्थापित सौर ऊर्जा परियोजनाएं न केवल ऊर्जा उत्पादन में सहायक होती हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर साइट टीम द्वारा सौर ऊर्जा संयंत्र से संबंधित विस्तृत प्रस्तुति (पीपीटी) एवं एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई, जिसमें परियोजना की रूपरेखा, प्रगति एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। माननीय मंत्री ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से पारदर्शिता एवं कार्य की गुणवत्ता में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु शुभकामनाएं दीं तथा राज्य में ऊर्जा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल), पटना के प्रबंध निदेशक महेन्द्र कुमार (आईएएस), निदेशक (तकनीकी) श्री अवधेश प्रसाद सिंह, मुख्य अभियंता दिलीप कुमार सहित ऊर्जा विभाग एवं लखीसराय जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
