ऐलनाबाद, 27 अगस्त (एम.पी. भार्गव)। शहर का वातावरण मंगलवार को गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंज उठा। वार्ड नंबर तीन स्थित श्री गणेश सेवा समिति ट्रस्ट, ऐलनाबाद द्वारा गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर श्री गणेश रजत महोत्सव 2025 की शुरुआत धूमधाम से की गई।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ ज्योति प्रचंड से हुआ। यह यात्रा नोहर रोड स्थित श्री बालाजी धाम बगीची से प्रारंभ होकर पंचमुखी चौक, गांधी चौक और देवीलाल चौक से होती हुई श्री गणेश मंदिर तक पहुंची।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु गणपति बप्पा की भक्ति में डूबकर संकीर्तन कर रहे थे। जगह-जगह पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत पुष्प वर्षा के साथ किया गया। समिति द्वारा सजाई गई आकर्षक झांकियां भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं।
समिति सदस्यों ने भगवान गणेश की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि वे विघ्नहर्ता हैं, जिनकी कृपा से सभी बाधाएं दूर होती हैं। शोभायात्रा के समापन पर गणपति की आरती की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
रजत महोत्सव के अवसर पर शहर के विभिन्न हिस्सों से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण ने पूरे शहर को गणेशमय बना दिया।
श्री गणेश सेवा समिति ट्रस्ट ने बताया कि रजत महोत्सव के तहत आने वाले दिनों में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और भगवान गणेश से सभी पर कृपा दृष्टि बनाए रखने की प्रार्थना की।
👉 ऐलनाबाद शहर इस समय भगवान गणेश की भक्ति और उत्साह में सराबोर है।
