ऐलनाबाद थाना पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई सोने के लॉकेट की चोरी की वारदात, आरोपी गिरफ्तार

ऐलनाबाद, 28 जनवरी (एमपी भार्गव)

ऐलनाबाद थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लॉकेट चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को मात्र 24 घंटों में गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में जानकारी देते हुए ऐलनाबाद थाना के कार्यवाहक प्रभारी सब इंस्पेक्टर ललित कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान सुखदेव नाथ पुत्र सरदूल नाथ निवासी गांव मोरीवाला, जिला सिरसा के रूप में हुई है।

प्रभारी ने बताया कि शिकायतकर्ता प्रेम कुमार पुत्र रामचंद्र निवासी गांव किशनपुरा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि 26 जनवरी को स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में ढाणी शेरांवाली के मोड़ पर भगवा रंग का कुर्ता पहने और साधु के वेश में एक युवक ने आशीर्वाद देने के बहाने उनका सोने का लॉकेट चोरी कर लिया।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान जुटाई गई महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा लॉकेट भी बरामद कर लिया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस तेज कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.