एलेनाबाद (सिरसा): ( एम पी भार्गव ) उपमंडल अधिकारी (ना.), एलेनाबाद ने जानकारी दी है कि पहलगाम में भारत पर हुए आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत कई आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया गया है। इस कार्रवाई के बदले में पाकिस्तान की ओर से भारतीय नागरिकों पर रात के समय ड्रोन और मिसाइल हमलों द्वारा हमला किया जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार द्वारा रात्रि के समय ‘ब्लैकआउट’ (पूर्ण अंधकार) के आदेश दिए गए हैं। यह आदेश नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से जारी किए गए हैं, जिनका कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है।
उपमंडल अधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि रात्रि में अपने घरों में किसी भी प्रकार की रोशनी का प्रयोग न करें और वाहन चलाते समय कम रोशनी का ही उपयोग करें। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों पर पूर्ण विश्वास रखें और किसी भी प्रकार की झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें। भारतीय सेना का सम्मान करें और समय-समय पर सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें।
– उपमंडल अधिकारी (ना.), एलेनाबाद (सिरसा)

