रामदेवरा यात्रियों की सेवा का 19वां महाकुंभ, सांखला फांटा में 10 से 15 सितंबर तक लगेगा विशाल भंडारा

तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, बाबा रामदेव मंदिर में बैठक कर सेवादारों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

Ellenabad, August 31 (एम पी भार्गव): बाबा रामदेव जी के प्रति आस्था और सेवा भावना को समर्पित बाबा रामदेव भंडारा सेवा समिति ऐलनाबाद की ओर से आयोजित किए जाने वाले 19वें महाविशाल भंडारे की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में प्राचीन मंदिर श्री बाबा रामदेव जी में समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें भंडारे की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से मंथन किया गया तथा सेवादारों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रधान जसवंत बेनीवाल ने की। उन्होंने भंडारे की संपूर्ण रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। भंडारे के दौरान आने वाले पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं को भोजन, जलपान सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जा रहा है।

भंडारा प्रबंधक एम.पी. तंवर ने सेवादारों को उनकी ड्यूटी और कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस सेवादार की ड्यूटी किस समय और किस व्यवस्था में रहेगी, इसकी जिम्मेदारियां पहले से निर्धारित की जा रही हैं, ताकि भंडारे के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। बैठक में राशन, खाद्य सामग्री, पानी तथा अन्य आवश्यक सामान की व्यवस्था, संग्रहण और भंडारा स्थल तक पहुंचाने को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई।

समिति की ओर से 19वां महाविशाल भंडारा 10 सितंबर से 15 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। भंडारा बीकानेर से करीब 60 किलोमीटर आगे जैसलमेर रोड पर सांखला फांटा के नजदीक लगाया जाएगा। रामदेवरा जाने वाले श्रद्धालुओं और पैदल यात्रियों के लिए यहां सेवा भाव से भंडारे की व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में समिति के अध्यक्ष जसवंत बेनीवाल, गुलजारीलाल नंबरदार, मदन चाचन, एम.पी. तंवर, प्रहलाद सिंगल, जगदीश खलेरी, बाबू लाल हलवाई, राजेनदर वर्मा, राकेश रोलन, श्याम सुंदर व 21 गांव की टीमों के प्रधान सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सेवादार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी सेवादारों ने बाबा रामदेव जी के चरणों में श्रद्धा व्यक्त करते हुए भंडारे की व्यवस्थाओं को पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के साथ संभालने का संकल्प लिया। इस दौरान “जय बाबा रामदेव जी” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा रामदेव जी की कृपा, श्रद्धालुओं के सहयोग और सेवादारों की अथक मेहनत से 19वें महाविशाल भंडारे को भव्य एवं सफल बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सेवा को समिति अपना सौभाग्य मानती है और इसी भावना के साथ सभी सेवादार दिन-रात जुटकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.