सफेद आकड़ा रोड पर आंधी से बिजली का पोल गिरा, देर रात से बिजली सप्लाई ठप- भीषण गर्मी में जनजीवन प्रभावित

बाड़मेर, 05 मई 2025: रविवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने बाड़मेर शहर में कई क्षेत्रों को अंधेरे में डुबो दिया। माधव कॉलेज से पहले सफेद आकड़ा रोड पर तेज हवा के चलते बिजली का एक पोल गिर गया, जिससे इस क्षेत्र सहित आसपास के हजारों घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है। रातभर से लोग बिजली के बिना गर्मी में बेहाल हैं।

माहबार रोड के पास गिरे इस पोल की जानकारी स्थानीय निवासियों ने कई बार बिजली विभाग की हेल्पलाइन और रीको बिजलीघर को दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विद्युत विभाग की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची है। इससे लोगों में नाराजगी व्याप्त है।

गर्मी से लोग परेशान, बच्चे-बुजुर्ग बेहाल
तेज गर्मी के इस मौसम में बिना बिजली के हालात और भी ज्यादा विकट हो गए हैं। विशेष रूप से छोटे बच्चे और बुजुर्ग गर्मी से परेशान हो रहे हैं। क्षेत्रवासी पंखा-कूलर बंद होने के चलते रातभर करवटें बदलते रहे। स्थानीय निवासी रवि चौधरी ने बताया, “रातभर बिजली नहीं आई। गर्मी में बच्चे पूरी रात सो नहीं सके। बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ।”

प्रशासन और बिजली विभाग से मांग
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पोल की तुरंत मरम्मत की जाए और बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। साथ ही, भविष्य में ऐसी आपात स्थितियों के लिए त्वरित कार्रवाई व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.