चुनाव संविधान के रक्षा की लड़ाई है: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा संविधान को “फाड़कर फेंक देना” चाहती है और इस बात पर जोर दिया कि इस बार का लोकसभा चुनाव इसे सुरक्षित रखने की लड़ाई है।

पार्टी उम्मीदवार कन्हैया कुमार के समर्थन में पूर्वोत्तर दिल्ली के दिलशाद गार्डन में एक चुनावी सभा में उन्होंने दावा किया कि भाजपा हमेशा संविधान को बदलना चाहती थी।

उन्होंने आरोप लगाया, ”ये लोग (भाजपा) हमेशा इसे (संविधान को) फाड़कर फेंक देना चाहते थे। उन्होंने न तो भारतीय संविधान और न ही भारतीय ध्वज को कभी स्वीकार किया। इस चुनाव में आखिरकार उन्होंने स्वीकार कर लिया है कि वे इसे बदलना चाहते हैं।”

कांग्रेस नेता ने कहा, “इस चुनाव में लड़ाई भारतीय संविधान की रक्षा के लिए है। यह महज एक किताब नहीं है, हमारा संविधान गांधी, अंबेडकर और नेहरू जी की हजारों साल की वैचारिक विरासत को समेटे हुए है।”

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने आखिरकार इस चुनाव में ‘स्वीकार’ कर लिया है कि वह संविधान बदलना चाहती है।

उन्होंने कहा, हालांकि, अगर भाजपा ने संविधान को बदलने की कोशिश की तो उसे विपक्ष और देश के करोड़ों लोगों का सामना करना पड़ेगा।

गांधी ने कहा, “मैं उन्हें (भाजपा) बताना चाहता हूं कि आपमें ऐसा करने (संविधान बदलने) की हिम्मत नहीं है। अगर आप ऐसा करने का प्रयास करेंगे तो आपको हमारा और भारत के मूल लोगों का सामना करना होगा।”

चुनाव आयोग ने बुधवार को कांग्रेस से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि उसके स्टार प्रचारक और उम्मीदवार ऐसे बयान न दें जिससे यह गलत धारणा बने कि संविधान को खत्म किया जा सकता है या बेचा जा सकता है।

गुरुवार को शहर में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है.

दिल्ली में 25 मई को मतदान होगा और नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.