बदायूं। प्रदेश में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सोमवार को परशुराम चौक स्थित बीएलए-1, शहर कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान बीएलए-1 ओमकार सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर वोटर लिस्ट से असली मतदाताओं के नाम हटाने नहीं देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे समय में जब लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा कम हो रहा है, चुनाव आयोग का वर्तमान आचरण अत्यंत निराशाजनक प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को स्पष्ट करना चाहिए कि वह भाजपा की छत्रछाया में काम नहीं कर रहा है। भाजपा एसआईआर को वोट चोरी का हथियार बनाने की कोशिश कर रही है। यदि आयोग इस पर ध्यान नहीं देता, तो यह लोकतंत्र के प्रति चुप्पी साध लेने जैसा होगा।
शहर अध्यक्ष मुन्ना लाल सगर और एआईसीसी सदस्य व निवर्तमान प्रदेश सचिव जितेंद्र कश्यप ने कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची से असली मतदाताओं को हटाने या फर्जी मतदाताओं को शामिल करने की हर कोशिश का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने बताया कि जहां-जहां मतदाता सूची में संशोधन का कार्य चल रहा है, वहां पार्टी हर स्तर पर—राजनीतिक, संगठनात्मक और कानूनी—एसआईआर प्रक्रिया का मुकाबला करेगी।
इस अवसर पर पूर्व शहर अध्यक्ष असरार अहमद, किसान कांग्रेस महासचिव गौरव सिंह राठौर और शहर उपाध्यक्ष रफत अली खान सूरी ने भी एसआईआर प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए और कहा कि मतदाता सूची की पारदर्शिता लोकतंत्र की बुनियाद है, जिसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
