सिरसा पुलिस की 8 टीमों विभिन्न स्कूल व कॉलेज में पहुंचकर युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया
मजबूत राष्ट्र का निर्माण करना है, तो हमें हर प्रकार के नशे को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा
ऐलनाबाद ,सिरसा 29 अक्टूबर ( एम पी भार्गव ) पुलिस महानिदेशक हरियाणा के निर्देशानुसार व पुलिस अधीकक्ष दीपक सहारण के नेतृत्व में 21 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाए जा रहे राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी कड़ी के तहत आज जिला पुलिस की 8 टीमों ने जिला के विभिन्न स्कूल व कॉलेजो में पहुंचकर युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से लड़ने के लिए युवाओं का सहयोग जरूरी है । पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से कहा की “नशा नाश का द्वार है” यह समाज की जड़ों को दीमक की तरह खोखला कर रहा है,अगर हमें एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करना है तो हमें हर प्रकार के नशे जड़ से उखाड़ फेंकना होगा । नशा मुक्ति के लिए सबसे जरुरी यह है, कि हम स्वयं इसके प्रति जागरूक बनें तथा इसे अपनी जिम्मेदारी समझकर अपने तथा अपने समाज के सभी लोगो को इस समस्या से मुक्त कराएं । पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे का समाज पर गहरा प्रभाव पड़ता है । उन्होने बताया कि युवा देश का भविष्य हैं । जब युवा नशे की गिरफ्त में आकर नशे के गुलाम बन जाते हैं तो समाज में बलात्कार,चोरी, हत्या,लूट पाट जैसे अपराध बढने लगते हैं । समाज में ज्यादातर अपराध नशे की वजह से हो रहे है । उन्होने कहा कि जब लोगों की नसों में खून की जगह नशा दौड़ता है तो परिवार और समाज पतन की तरफ चले जाते हैं। जो युवा अपनी काबिलियत और रचनात्मक कार्यों की बदौलत समाज को एक ऊंचाईयों पर ले जाते सकते हैं, वही युवा नशे की वजह से समाज पर बोझ बन कर खोखला और कमजोर बना देते हैं । उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को कमजोर और पंगु बना देता है,जिससे समाज में उसकी कोई इज्जत नही रहती । यदि जाने अनजाने किसी युवा को नशे की लत लग गई है तो नशीली दवाओं की लत से छुटकारा पाने के लिए मदद मांगने में संकोच न करें । जिला पुलिस युवाओं को नशा छुड़वाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है,जिसके काफी सार्थक परिणाम भी आ रहे है । पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि नशे के खिलाफ इस युद्ध में आप लोग सच्चाई का साथ दें अगर किसी के परिवार में कोई नशे का कारोबार करता है या नशे का सेवन करता है तो निसंकोच होकर उनकी सूचना मोबाइल नंबर 8814056100 पर पुलिस को दें ताकि नशे जैसी बुराई को जड़ मूल से समाप्त किया जा सके । उन्होंने कहा की अगर किसी वजह से गलत संगत का शिकार होकर किसी का बच्चा नशे से ग्रसित हो गया है तो उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें, जिला पुलिस इसमें पूरा सहयोग करेगी । उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा समाज को नशामुक्त करने के लिए अथक प्रयास निरंतर जारी हैं और भविष्य में इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ।
