डीएसपी विकास कृष्णन ने गांव खतरांवा में ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया 

नशा मुक्त समाज बनाने में प्रत्येक व्यक्ति अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें :- डीएसपी

ऐलनाबाद, 17 मार्च (एम पी भार्गव) डीएसपी विकास कृष्णन व बड़ागुढा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने थाना क्षेत्र के गांव खतरांवा में पहुंचकर ग्रामीणों व युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया । इस अवसर पर बैठक में उपस्थित ग्रामीणों से डीएसपी विकास कृष्णन ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और उस बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को नशे के खिलाफ चलाई जा रही,मुहिम में अपनी अग्रणी भूमिका निभानी होगी,तभी नशा मुक्त समाज की कल्पना की जा सकती है।
इस अवसर पर डीएसपी सिरसा विकास कृष्ण ने कहा कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सभी ग्राम पंचायतें,सामाजिक संस्थाएं तथा युथ क्लब अपनी अग्रणी भूमिका निभाएं ताकि समाज को पूरी तरह से नशा मुक्त किया जा सके । उन्होने कहा कि जिला पुलिस अपने स्तर पर नशे के खिलाफ जोरदार अभियान चलाए हुए हैं, जिसके तहत नशा तस्करों पर शिकंजा कसा जा रहा है तथा युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों तथा कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक भी किया जा रहा है ।
उन्होने कहा कि जिला पुलिस द्वारा अब तक आमजन के सहयोग से 154 गांवों तथा शहर सिरसा व ऐलनाबाद के 11 वार्डो को नशा मुक्त घोषित किया जा चुका है । जिला पुलिस द्वारा नशे से प्रभावित गांवों को चिन्हित कर वहां पर जागरूकता कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं, तथा नशाग्रस्त युवकों का स्थानीय प्रशासन के सहयोग से इलाज भी करवाया जा रहा है ।
इस अवसर पर बैठक में मौजूद ग्रामीणों से डीएसपी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण द्वारा जिला भर में नशे के खिलाफ चलाई जा रही, मुहिम के काफी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं । उन्होंने कहा कि पुलिस के अभियान से प्रेरित होकर जहां युवा शिक्षा और खेल गतिविधियों की ओर अग्रसर हो रहे हैं वहीं पर अनेक नशा ग्रस्त युवकों ने नशा छोड़ने की पहल की है,जिनका स्थानीय प्रशासन की मदद से इलाज करवाकर उन्हें फिर से समाज की मुख्य धारा में शामिल किया गया है ।
बड़ागुड़ा थाना प्रभारी ने भी सभा में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने गांव, गली तथा मोहल्ले की संपूर्ण जिम्मेवारी लेगा की न तो वह खुद नशा करेगा और न ही अपने आस-पास नशा बिकने देगा,तो निश्चित रुप से समाज नशा मुक्त होगा । थाना प्रभारी ने इस अवसर पर ग्रामीणों से आवाहन किया कि गांव में आपसी भाईचारे को मजबूत बनाएं और गांव में रात्रि के समय टिकरी पहरा लगवाना सुनिश्चित करें तथा रात्रि के समय यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें । इस अवसर पर बड़ागुढा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार ,गांव खतरांवा के सरपंच खुशविंदर सिंह व अन्य ग्रामीण मुख्य रूप से मौजूद रहे ।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.