हिसार में शराबी महिला का हंगामा- जब चंडीगढ़ में शराबी महिला ने किया हंगामा- पुलिस को धमकी वर्दी उतरवा दूँगी।।
गुस्ताख़ी माफ़ हरियाणा– पवन कुमार बंसल
हिसार में हाल ही में शराब के नशे में धुत एक महिला द्वारा किए गए हंगामे और पुलिस से बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ तो एक पुराना किस्सा याद आ गया—वो दौर जब ऐसे मामलों के वीडियो नहीं बनते थे। उस पुराने घटनाक्रम के किरदार भी कम दिलचस्प नहीं थे—शराब के नशे में चूर एक खूबसूरत महिला, एक आईएएस अधिकारी, एक आईपीएस अधिकारी और हरियाणा के एक चर्चित “लाल”।
कहानी कुछ यूँ है—चंडीगढ़ में देर रात एक नशे में धुत महिला ने अपनी कार पुलिस की गाड़ी से टकरा दी और फिर जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिसकर्मियों को चुन-चुनकर गालियां देते हुए उसने धमकी दी—“मैं अभी लाल की कोठी से आई हूँ, तुम्हें सस्पेंड करवा दूंगी।”
उस समय चंडीगढ़ के एसएसपी एक दक्षिण भारतीय अधिकारी थे और डीसी के पद पर हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी तैनात थे। मामला संवेदनशील था, क्योंकि इसमें हरियाणा के प्रभावशाली “लाल” का नाम जुड़ रहा था।
स्थिति को संभालने के लिए एसएसपी ने तुरंत आईएएस अधिकारी से संपर्क किया। बात आगे बढ़ी और आखिरकार “लाल” तक पहुंची। मामला गंभीर होते देख वे भी घबरा गए। अंततः स्थिति को शांतिपूर्वक सुलझाया गया और उस महिला को सुरक्षित उसके घर छोड़ दिया गया।
अगर उस दौर में आज की तरह वीडियो बनते, तो संभवतः यह मामला भी हिसार की तरह वायरल हो जाता।
