सिरसा के बी ब्लॉक में ड्रिल मशीन चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

ऐलनाबाद/सिरसा, 30 मार्च (एम.पी. भार्गव)। जिला पुलिस कप्तान के निर्देशानुसार संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना सिरसा की जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी ने कार्रवाई करते हुए बी ब्लॉक क्षेत्र में ड्रिल मशीन चोरी की वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, बी ब्लॉक निवासी मनोहर लाल पुत्र ठाकर दास ने शिकायत दी थी कि उनके घर पर बिजली का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बीती रात दो अज्ञात युवक घर में घुसकर बिजली के काम में इस्तेमाल होने वाली दो ड्रिल मशीनें चोरी कर फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर शहर थाना सिरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों—कुलदीप सिंह उर्फ चाटू निवासी रानियां चुंगी, सिरसा और सूरज पुत्र रिंकू निवासी वाल्मीकि मोहल्ला, सिरसा—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की गई दोनों ड्रिल मशीनें बरामद कर ली हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.