सिकंदरपुर थैहड़ में दोहरा हत्याकांड: अवैध संबंधों के शक में पति-पत्नी गिरफ्तार

सिरसा (एम.पी. भार्गव)।जिला सिरसा के गांव सिकंदरपुर थैहड़ में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतका अंगूरी देवी के बेटे राजकुमार और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि दोनों ने अवैध संबंधों के चलते मृतका अंगूरी देवी और उसके प्रेमी लेखराज उर्फ लेखू की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

घटना का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आरोपी राजकुमार दोनों शवों को पिकअप गाड़ी में डालकर खुद ही पुलिस थाने पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि मां और प्रेमी के रिश्ते को लेकर गांव में चल रही चर्चा, सामाजिक ताने और बदनामी के डर से उसने यह कदम उठाया।

मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने डीएसपी राजेश कुमार व थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान सामने आया कि गुरुवार रात मृतक लेखराज उर्फ लेखू, अंगूरी देवी के घर गया था और वापस नहीं लौटा। सुबह पड़ोसियों ने उसके शव को देख मामले की सूचना दी।

पीड़ित जयराम की शिकायत पर थाना सदर सिरसा में हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति-पत्नी दोनों को काबू कर लिया। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय अंगूरी देवी और 52 वर्षीय लेखराज उर्फ लेखू के रूप में हुई है।

डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड मंजूर कराया गया है। रिमांड अवधि में आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सामाजिक बदनामी की वजह से हुए इस जघन्य अपराध के हर पहलू को खंगाला जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.