आज के समय में बढ़ता वजन हर किसी के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। मोटापे से छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं, जिनमें सबसे ज्यादा चर्चा गर्म पानी पीने की होती है। सोशल मीडिया पर लोग हाथ में गर्म पानी का गिलास लेकर सुबह की रूटीन शेयर करते नजर आते हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या वाकई गर्म पानी पीने से वजन कम होता है?
इस विषय पर क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट निक्की ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर खुलकर बात की और इससे जुड़ी सच्चाई बताई। उन्होंने साफ कहा कि यह मानना गलत है कि गर्म पानी पीने से फैट बर्न होता है, हालांकि इसके कुछ फायदे जरूर हैं।
गर्म पानी से वजन क्यों नहीं घटता?
न्यूट्रिशनिस्ट निक्की के अनुसार, वजन या फैट कम करने के लिए शरीर को कम कैलोरी लेनी होती है। इसके साथ नियमित एक्सरसाइज और सही लाइफस्टाइल में बदलाव जरूरी होते हैं। केवल गर्म पानी पीने से फैट कम नहीं हो सकता। अगर ऐसा होता तो हर किसी का पेट सपाट होता। गर्म पानी फैट बर्न नहीं करता, इसलिए इसे वजन घटाने का जादुई उपाय मानना गलत है।
फिर लोग क्यों कहते हैं कि वजन कम होता है?
इसके पीछे असली वजह पेट की सूजन यानी ब्लोटिंग का कम होना है। गर्म पानी पेट को रिलैक्स करता है, जिससे खाना आसानी से पचता है और गैस या भारीपन कम हो जाता है। जब सूजन कम होती है तो शरीर हल्का महसूस करता है और लोगों को लगता है कि वजन घट गया, जबकि असली फैट पहले जैसा ही रहता है।
गर्म पानी पीने के असली फायदे
गर्म पानी पीने से शरीर को कई तरह से फायदा मिल सकता है, जैसे—
पेट साफ रहता है और कब्ज की समस्या में राहत मिलती है
पाचन तंत्र बेहतर होता है, एसिडिटी और भारीपन कम होता है
शरीर में जमा अतिरिक्त पानी और नमक बाहर निकलता है, जिससे सूजन कम होती है
खाने से पहले गर्म पानी पीने से भूख कुछ हद तक कंट्रोल में रहती है और ओवरईटिंग से बचाव होता है
गर्म पानी क्या नहीं करता?
यह कैलोरी बर्न नहीं करता
पेट की चर्बी को नहीं पिघलाता
अच्छी डाइट और एक्सरसाइज की जगह नहीं ले सकता
न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि गर्म पानी कोई चमत्कार नहीं है, लेकिन यह एक अच्छी आदत जरूर हो सकती है। अगर इसे संतुलित डाइट, नियमित व्यायाम और धैर्य के साथ अपनाया जाए, तो शरीर बेहतर महसूस करता है और सेहत को फायदा पहुंचता है।
khabre junction
Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है. इस तरह की किसी भी जानकारी पर अमल करने से पहले डॉक्टर या किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें
