मानवता की मिसाल बने डीएम मिथिलेश मिश्र,आधी रात किऊल स्टेशन पहुंचकर जरूरतमंदों में बांटे कंबल

लखीसराय(सरफराज आलम)भीषण शीतलहर और लगातार गिरते तापमान के बीच जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राहत कार्य तेज कर दिया है। इसी कड़ी में बुधवार की देर रात जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने किऊल रेलवे जंक्शन परिसर के विभिन्न प्लेटफार्मों का औचक निरीक्षण किया और खुले में सो रहे गरीब, वृद्ध, दिव्यांग व बेसहारा लोगों के बीच कंबल का वितरण किया।

आधी रात डीएम को अपने बीच पाकर जरूरतमंदों में आश्चर्य और संतोष दोनों देखने को मिला। उन्होंने स्वयं लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। डीएम ने कहा कि कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति असहाय न रहे, यह जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शीतलहर से बचाव को लेकर प्रशासन हरसंभव कदम उठा रहा है।

कंबल वितरण के दौरान विशेष रूप से वृद्धजन, दिव्यांग एवं प्लेटफार्म पर रात गुजारने को मजबूर लोगों को प्राथमिकता दी गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीतलहर के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रात्रिकालीन भ्रमण कर जरूरतमंदों को चिह्नित किया जाए और उन्हें तत्काल राहत पहुंचाई जाए।

उन्होंने रैन बसेरों की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि वहां स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। डीएम ने कहा कि मानवता के नाते यह आवश्यक है कि ठंड के इस कठिन समय में कोई भी व्यक्ति उपेक्षित न रहे।

जिला प्रशासन की इस पहल की स्थानीय लोगों और जरूरतमंदों ने सराहना की। कंबल पाकर लोगों के चेहरे पर राहत साफ झलक रही थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.