बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर डीएम मिथिलेश मिश्र ने की प्रेस वार्ता, कहा – कानून – व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता
- रिपोर्ट: सरफराज आलम
लखीसराय।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता समाहरणालय लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में प्रेस प्रतिनिधियों से निर्वाचन संबंधी फीडबैक ली गई, मीडिया प्रतिनिधियों ने निर्वाचन की तैयारियों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी, साथ ही कुछ कमियों की ओर भी ध्यान दिलाया।
कुछ संवाददाताओं ने बताया कि कुछ नए मतदाताओं को एपिक कार्ड अब तक नहीं मिला है तथा कुछ मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की कमी है। इस पर जिला पदाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्री मिश्र ने बताया कि जिले के सभी मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम कमिशनिंग का कार्य पूर्ण हो गया है। आवश्यकतानुसार पुलिस बल को निर्धारित स्थानों पर तैनात किया गया है तथा सभी मतदान केंद्रों, सुरक्षा बलों एवं पदाधिकारियों के लिए वाहनों की व्यवस्था कर दी गई है।
जिले के शत-प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। सभी लाइसेंसी हथियार जमा करा लिए गए हैं। इस बार सभी बूथों पर केंद्रीय बल तैनात रहेंगे। मतदान केंद्रों पर पंक्ति प्रबंधन के लिए होमगार्ड के जवान लगाए जाएंगे। मतदाताओं के मोबाइल रखने हेतु प्रत्येक बूथ पर एक कर्मी रहेगा तथा मतदान दल के लिए भोजन की व्यवस्था हेतु रसोइए की भी नियुक्ति की गई है।
जिले के कुल 56 बूथों पर मतदान समय प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक तथा शेष बूथों पर प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था सभी मतदान केंद्रों पर कर दी गई है। इसके अतिरिक्त सभी केंद्रों पर फर्नीचर, पेयजल, रैंप एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
जिले में दोनों विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 7 लाख 47 हजार मतदाता हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान विभिन्न थानों एवं 18 चेकपोस्टों के माध्यम से अब तक ₹11 लाख नकद जब्त किए गए हैं तथा लगभग ₹25 लाख मूल्य की अवैध शराब बरामद कर नष्ट की गई है। अब तक 6 अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। जिले में कुल 18 SST (Static Surveillance Team) एवं 18 VST (Video Surveillance Team) सक्रिय हैं।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी,नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग रवि कुमार सहित लखीसराय जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
