लखीसराय(सरफराज़ आलम)। जिले में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। रविवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने पिपरिया प्रखंड के वलीपुर गांव पहुंचकर डिग्री कॉलेज के लिए चिन्हित दो संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कॉलेज स्थापना के लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने सबसे पहले वलीपुर उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय के समीप स्थित भूमि का जायजा लिया। इसके बाद वलीपुर हाई स्कूल के पास ठाकुरवारी स्थित दूसरे संभावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों स्थलों की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग, उपलब्ध संसाधनों एवं भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। अंचल कार्यालय को डिग्री कॉलेज स्थापना के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने सैदपुरा पंचायत सरकार भवन, गढ़ी बिशनपुर मध्य विद्यालय एवं गंगा सराय पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण कर 7 जुलाई को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा आयोजन की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी, पिपरिया प्रखंड प्रमुख, सैदपुरा पंचायत के मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे
