डीएम ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण, शहीद स्थल पर शहीदों को किया नमन

बदायूँ : 15 अगस्त। जिलाधिकारी अवनीश राय ने देश के स्वतंत्रता दिवस की 78वी वर्षगांठ और 79वे स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद स्थल पर जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों ने पुष्प चक्र व फूल अर्पित कर शहीदों को नमन किया व उनके द्वारा किए गए बलिदानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। वही कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम व अन्य अधिकारियों ने जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राष्ट्रगान भी हुआ।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि देश को आजादी बड़े यत्नों, बलिदानों, संघर्षों व त्याग के बाद मिली है। भावी पीढ़ी को इसका महत्व समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सभी को इस अवसर पर जिन अमर शहीदों, क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया उनको नमन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता एक अधिकार के साथ एक दायित्व व कर्तव्य भी है भारतीय संविधान नें हमें मौलिक अधिकार दिए हैं वहीं दूसरी ओर मौलिक कर्तव्यों का भी बोध भी कराया है। सभी को अपने इन कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। राष्ट्रीज ध्वज के बीच बने चक्र के बारे में उन्होंने बताया कि चक्र धर्म चक्र है और जिसका रंग नीला है। वह हमें कर्तव्यों का पालन करने का बोध कराता है तथा निरंतर गतिमान रहने को प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि हमें अमर शहीदों के सपनों का सपनों को भारत बनाने के लिए यह आवश्यक है कि जिस व्यक्ति का जो दायित्व है वह उसको पूरे मनोयोग, ईमानदारी, कर्मठता व निष्ठा के साथ निभाए। उन्होंने कहा कि जिस देश के नागरिक सजग होते हैं वह देश अजय होता है व तरक्की करता है। इससे पहले डीएम ने जिलाधिकारी आवास पर भी ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी विकास चौधरी सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने उद्बोधन में अमर शहीदों को नमन किया तथा सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की। इस अवसर पर अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.