डीएम और एसपी ने ग्राम पजाबा के कम्पोजिट विद्यालय व झील के कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिये निर्देश
रामपुर: नदियों, झीलों एवं तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए जनपद में चलाये जा रहे अभियान के दृष्टिगत1 400 मीटर लंबी व 40 मीटर चौड़ी झील के कराये गये जीर्णोद्वार के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र व अन्य अधिकारियों के साथ तहसील मिलक के ग्राम पजाबा पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इस झील में वृहद स्तर पर मत्स्य पालन कराए जाने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर समिति बनाकर मत्स्य विभाग के सहयोग से समिति द्वारा मत्स्य पालन का कार्य किया जाये, जिससे प्रतिवर्ष ग्राम पंचायत की आय होगी। जिलाधिकारी ने झील के किनारे वृहद स्तर पर वृक्षारोपण का कार्य कराये जाने हेतु जिला उद्यान अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
उन्होंने क्षेत्रीय लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया कि झील पर किसी भी दशा में कब्जा न होने पाये। इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम पजाबा में स्थित कम्पोजिट विद्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया के विद्यालय में ग्राम हिंगानगला के 1 प्राथमिक व 1 उच्च प्राथमिक विद्यालय मर्ज किये गये हैं, परंतु मर्ज हुये विद्यालयों के प्रधानाध्यापक द्वारा योगदान आख्या प्रस्तुत नहीं की गई है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने उसमें तैनात प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण में जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों के लिए बनाए गए मिड-डे मील का अवलोकन किया, जिसमें निर्धारित रोस्टर के अनुसार बने भोजन में कमी पाई गई। इस संबंध में प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधान का सहयोग लेकर गांव में जागरुकता लाकर विद्यालयों में छात्रों की संख्या बढ़ाई जाए और शिक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार के लापरवाही न बरती जाये।
