जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न, सड़क, कानून व्यवस्था व विद्युत समस्याओं पर दिए गए अहम निर्देश
रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र की उपस्थिति में विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के औद्योगिक विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए, ताकि उद्योगों तक आवागमन सुगम हो और आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सके।
पुलिस अधीक्षक विद्या सागर मिश्र ने कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के लिए भमरौआ रोड सहित प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यमियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं पर भी गंभीरता से विचार किया गया। जिलाधिकारी ने विद्युत ट्रिपिंग की समस्या को कम करने के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पतंगबाजी के कारण होने वाली बाधाओं पर नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इस दौरान सहायक श्रमायुक्त ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना एवं प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों और उद्यमियों को सामाजिक सुरक्षा तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, उपायुक्त उद्योग अनुराग यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं उद्यमी/व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
