जिला सैनिक बंधु की बैठक सम्पन्न: पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी ने दिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश

जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों को जनकल्याण व सेवाभाव हेतु किया प्रेरित, समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारण का आश्वासन

रामपुर:  जिलाधिकारी श्री जोगिन्दर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के लगभग 50 पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों ने भाग लिया।

पूर्व सैनिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया
बैठक की शुरुआत में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, ले० कर्नल पंकज नैथानी (अ.म.) ने सभी उपस्थितजनों का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने अपनी विभिन्न व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याएं प्रार्थना पत्रों के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं।

जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी सैनिक यदि किसी समस्या का सामना कर रहा है, तो वह सीधे जिलाधिकारी कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से मिल सकता है, जहां उसकी समस्या का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

प्राथमिकता के लिए रंगीन कवर लेटर का सुझाव
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से संबंधित कोई प्रार्थना पत्र रंगीन कवर लेटर के साथ प्रस्तुत किया जाता है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।

पूर्व सैनिकों को सेवाभाव हेतु किया गया प्रेरित
बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों को समाज व राष्ट्रहित में जनकल्याण और सेवाभाव को अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया।

बैठक में अनेक अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक के संचालन की जिम्मेदारी ले० कर्नल पंकज नैथानी ने निभाई।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर अमरेश चंद, ले. कर्नल एस.पी. जोशी, ओआईसी ईसीएचएस रामपुर के एम.एम. प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, प्रभारी एटीओ श्री बृजेश कुमार, मुख्य कोषाधिकारी, एलडीएम, जिला लीड बैंक, एवं श्री सत्यपाल, अनुदेशक, जिला सेवायोजन कार्यालय उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.