रामपुर: शहर विधायक आकाश सक्सेना और जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, बिना सीट बेल्ट, ओवर स्पीड, बिना हेलमेट और ओवर लोड वाहन चालकों के विरुद्ध अधिक से अधिक चालान की कार्यवाही की जाये।
शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में भी चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्यवाही करते हुए लाइसेंस निलंबन की कार्यवाही में तेजी लाई जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि गत वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में हर हाल में कमी लाने के प्रयास किये जाए। जिले के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट के विषय में समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं को रोकने के लिये प्रभावी कदम उठाने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिये। जिलाधिकारी ने एनएचएआई को निर्देशित किया कि जिन ब्लैक स्पॉट पर अभी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है, वहां प्राथमिकता से कार्य कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूलों और कालेजों में सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित करायें।
जिलाधिकारी ने मानक विहीन व बिना लाइसेंस के चलने वाले ई-रिक्शा चालकों की लगातार चेकिंग कर कार्यवाही करने के निर्देश परिवहन विभाग को दिये। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति के विरुद्ध बार-बार चालान के मामले में उस व्यक्ति के खिलाफ ड्राइविंग लाइसेंस(डीएल) निलंबन व जुर्माने की कार्यवाही की जाए।
एनएचएआई को निर्देशित किया कि राजमार्गों पर अवैध कटों को बंद कराया जाए। हाईवे पर भारी वाहनों के लिए लेन ड्राइविंग के साथ-साथ उन्हें बाये लेन में चलने के लिए साइन बोर्ड लगाये जाए, जिससे नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से ओवरटेकिंग न हो और दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
बैठक में एआरटीओ राजेश कुमार श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, पीटीओ होरी लाल वर्मा, बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी सहित सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य व सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
