रामपुर। खेल निदेशालय उ.प्र. लखनऊ के निर्देशन में जिला प्रशासन और जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय जूनियर बालक/बालिका वर्ग की वॉलीबॉल, कबड्डी और जूडो प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गौरव खड़ायत ने वॉलीबॉल में सर्विस कर किया।
प्रभारी क्रीड़ाधिकारी सन्तोष कुमार ने बताया कि खेलों का विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल अपनाने से शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा हार-जीत से सीखने की प्रेरणा मिलती है।
प्रतियोगिता में स्काई टच कॉन्वेंट स्कूल, ब्रह्मदत्त सरस्वती विद्या मंदिर, ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल, युवक मंगल दल नौगवां, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, राजकीय बाकर इंटर कॉलेज, आइडेंटिटी स्कूल और खेलो इंडिया सेंटर के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के परिणाम:
जूनियर बालक वॉलीबॉल के फाइनल में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रामपुर ने युवक मंगल दल नौगवां को 3–2 सेट से हराकर खिताब जीता।
जूनियर बालिका वॉलीबॉल में बमनपुरी स्टेडियम की टीम ने राजकीय बाकर इंटर कॉलेज को 3–0 से हराकर जीत हासिल की।
जूनियर बालक कबड्डी में राजकीय बाकर इंटर कॉलेज ने बमनपुरी स्टेडियम को 14–11 अंकों से पराजित किया।
जूनियर बालिका कबड्डी में ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल ने पीवाईए क्लब को 19–06 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
जूडो प्रतियोगिता में बालक वर्ग में आयुष प्रथम, हिमांशु खोलिया द्वितीय और राजकुमार तृतीय रहे, जबकि बालिका वर्ग में वर्षा प्रथम, लवी द्वितीय और माही तृतीय स्थान पर रहीं।
विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को क्रीड़ाधिकारी सन्तोष कुमार एवं राष्ट्रीय वॉलीबॉल गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. अनूप कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
