डेंगू रोकथाम के लिए जिला प्रशासन का विशेष अभियान, फॉगिंग व मुनादी से बढ़ाई जा रही जागरूकता

ऐलनाबाद, 03 दिसंबर (भार्गव)।जिले में डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से सतर्क और सक्रिय है। उपायुक्त शांतनु शर्मा के मार्गदर्शन में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं।

शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए नियमित रूप से फॉगिंग करवाई जा रही है। यह कदम डेंगू के खतरे को कम करने और मच्छरों की संख्या नियंत्रित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके साथ ही गांवों में मुनादी करवाकर आम जनता को जागरूक किया जा रहा है। उन्हें घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, क्योंकि स्थिर पानी में ही डेंगू के मच्छर पनपते हैं।

उपायुक्त शांतनु शर्मा ने अपील करते हुए कहा कि डेंगू से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा बताए गए निर्देशों का हर नागरिक पालन करे। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.